मुझे उस रात के अन्धेरे का इन्तेज़ार रहता है,
जहाँ मेरे चारो ओर कोई नही होता !
उस तम में ना कोई मुझे देख पाता है, ना मैं किसी और को,
मैं, मैं हो सकती हूँ, कुछ क्षण के लिए ही सही!
वो एहसास जिसमे मैं अपने आप को पहचान पाती हूँ,
ऐसी अनुभूति जिसमे में खुद को औरो से अलग पाती हूँ !
अन्धकार जिसे सब अज्ञानता कि उपमा से दर्शाते हैं,
उस ही रात से बढ़कर मेरा कोई मार्गदर्शक नही !
वो रात का साया मेरे लिए आशा की शहतीर है ,
उसने मेरे अस्तित्व से मेरी पहचान कराई है !
पर फिर वही जालिम रोशनी आ जाती है,
उसकी पहली किरण वो उत्कृष्ट अनुभव मुझसे छीन ले जाती है !
इस पदार्थवादी दुनिया मे जहाँ सब क्षणभंगुर है,
वो एहसास मेरे लिए सतत है!
कितना व्यंगात्मक है... दुनिया अंधेरे में खो जाती है और मैं रोशनी मे !